इंदौर की खजराना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ऑटो रिक्शा चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी रात के अंधेरे का फायदा उठाकर वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी के दो ऑटो रिक्शा विधिवत जब्त किए हैं।पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी अपने शौक और निजी खर्च पूरे करने के लिए चोरी की वारदातों को अंजाम देता था। आरोपी से पूछताछ जारी है और उससे अन्य चोरी की घटनाओं के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।पुलिस आयुक्त इंदौर संतोष कुमार सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस आयुक्त मयंक अवस्थी, डीसीपी जोन-2 अमन सिंह राठौड़, एडीशनल डीसीपी अमरेंद्र सिंह तथा एसीपी कुंदन मंडलोई के मार्गदर्शन में संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना खजराना प्रभारी निरीक्षक मनोज सिंह सेंधव के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर महत्वपूर्ण सफलता हासिल की।पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में चोरी और अन्य संपत्ति संबंधी अपराधों में शामिल आरोपियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
