Oplus_131072
गहरे पानी में संघर्ष करता दिखा आकाश
(रवि यादव)
इंदौर/महू। महू के जंगलों में स्थित बामनिया कुंड में हुए दर्दनाक हादसे के बाद अब घटना का एक नया वीडियो सामने आया है। वायरल हो रहे वीडियो में 17 वर्षीय आकाश खांडे कुंड के गहरे पानी में डूबते हुए दिखाई दे रहा है। वीडियो सामने आने के बाद हादसे की गंभीरता और एक बार फिर बामनिया कुंड की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।जानकारी के अनुसार आकाश अपने चार दोस्तों के साथ रविवार सुबह इंदौर से बामनिया कुंड घूमने गया था। शाम के समय सभी युवक कुंड में नहाने और तैरने उतरे। बताया जा रहा है कि कुंड में पानी काफी गहरा था और आकाश को तैरना नहीं आता था। इसी दौरान वह अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। साथियों ने उसे बचाने का प्रयास किया तथा शोर मचाकर मदद मांगी, लेकिन देखते ही देखते वह पानी में समा गया।घटना के बाद सामने आए नए वीडियो में आकाश पानी में हाथ-पैर मारते हुए बाहर निकलने की कोशिश करता नजर आ रहा है। कुछ ही क्षणों बाद वह गहरे पानी में ओझल हो जाता है। वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और इसे देखकर लोग हादसे पर दुख व्यक्त कर रहे हैं।घटना की सूचना मिलते ही थाना बड़गोंदा पुलिस मौके पर पहुंची थी और स्थानीय गोताखोरों की मदद से तलाश अभियान शुरू किया गया। दूसरे दिन आकाश का शव बरामद किया गया।आकाश खांडे इंदौर के प्रेस कॉम्प्लेक्स के पीछे सुंदर नगर क्षेत्र का निवासी था और एक गैरेज पर काम करता था।उल्लेखनीय है कि बामनिया कुंड में हर वर्ष बड़ी संख्या में पर्यटक और युवा पिकनिक मनाने पहुंचते हैं। कुंड की अत्यधिक गहराई, तेज जलधाराएं और पर्याप्त सुरक्षा इंतजामों के अभाव के कारण यहां लगातार हादसे होते रहे हैं। बावजूद इसके सुरक्षा उपायों और चेतावनी बोर्डों की व्यवस्था को लेकर प्रशासन पर सवाल उठते रहे हैं।
