
इंदौर। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने इंदौर नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष पद पर नई नियुक्ति की है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जितेंद्र (जीतू) पटवारी द्वारा जारी आदेश के अनुसार नगर निगम इंदौर में श्री चिंतामणि चिंटू चौकसे के स्थान पर पार्षद सोनिला मिमरोट भाटिया को नेता प्रतिपक्ष नियुक्त किया गया है। आदेश प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी की सहमति के बाद जारी किया गया।जारी नियुक्ति पत्र में कहा गया है कि सोनिला मिमरोट भाटिया तत्काल प्रभाव से इंदौर नगर निगम में कांग्रेस दल की नेता प्रतिपक्ष की जिम्मेदारी संभालेंगी। नियुक्ति के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों ने उन्हें बधाई दी।राजनीतिक जानकारों का मानना है कि कांग्रेस संगठन ने नगर निगम में विपक्ष की भूमिका को और अधिक सक्रिय बनाने के उद्देश्य से यह बदलाव किया है। अब नगर निगम परिषद में विपक्ष की रणनीति और जनहित के मुद्दों को उठाने की जिम्मेदारी सोनिला मिमरोट भाटिया के नेतृत्व में होगी।
