Oplus_131072
भोपाल। मुख्यमंत्री मोहन यादव पर कांग्रेस द्वारा लगाए जा रहे आरोपों के बीच भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल खुलकर उनके बचाव में सामने आए हैं। खंडेलवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री और उनके परिवार के खिलाफ लगाए जा रहे आरोप पूरी तरह राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित हैं तथा कांग्रेस जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रही है। प्रदेश अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री मोहन यादव वर्ष 2017 में ही संबंधित कंपनी के निदेशक पद से इस्तीफा दे चुके थे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की बहू द्वारा खरीदी गई जमीन का सौदा पूरी तरह कानूनी प्रक्रिया के तहत हुआ है और उसमें किसी प्रकार की अनियमितता नहीं है। हेमंत खंडेलवाल ने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि विकास कार्यों और सरकार की उपलब्धियों से ध्यान भटकाने के लिए बेबुनियाद आरोप लगाए जा रहे हैं। भाजपा ने दावा किया कि मुख्यमंत्री की छवि को धूमिल करने की कोशिश सफल नहीं होगी और जनता सच्चाई जानती है। वहीं कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने मुख्यमंत्री और उनके परिवार की संपत्तियों को लेकर कई सवाल उठाए हैं, जिससे प्रदेश की राजनीति गरमा गई है।
