मानसिक रूप से बीमार परिजन का इलाज कराने जा रहा था परिवार, ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार

सीहोर। मध्य प्रदेश के सीहोर जिले में सोमवार दोपहर हुए भीषण सड़क हादसे में पांच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा आष्टा-शुजालपुर मार्ग पर ग्राम मेना गोदी के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार ट्रक ने सामने से आ रही बोलेरो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बोलेरो के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोग वाहन के भीतर बुरी तरह फंस गए।पुलिस के अनुसार बोलेरो में कुल नौ लोग सवार थे। इनमें राजाराम (45), भगवान (50), इंदर सिंह (55), राधेश्याम (30), बनेसिंह (22), गुलाबचंद्र (30), हेमराज (25), देवीराम (60) तथा चालक अमर सिंह (45) शामिल थे। सभी राजगढ़ जिले के कालीपीठ थाना क्षेत्र के भियापुरा गांव के निवासी थे और अपने परिवार के एक मानसिक रूप से अस्वस्थ सदस्य का इलाज कराने आष्टा जा रहे थे।हादसे में राजाराम (45), भगवान (50), इंदर सिंह (55), राधेश्याम (30) और चालक अमर सिंह (45) की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। जबकि बनेसिंह (22), गुलाबचंद्र (30), हेमराज (25) और देवीराम (60) गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों के सिर, चेहरे और शरीर के विभिन्न हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें आष्टा सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए सीहोर जिला अस्पताल और भोपाल रेफर किया गया।हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय ग्रामीणों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सूचना मिलते ही आष्टा थाना पुलिस, प्रशासनिक अधिकारी और 108 एंबुलेंस की टीम मौके पर पहुंची। बोलेरो पूरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण उसमें फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए वाहन को काटना पड़ा।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी तेज थी कि बोलेरो में सवार तीन लोग करीब 15 से 20 फीट दूर जाकर गिरे, जबकि चालक का शव वाहन के अंदर फंसा मिला। सड़क पर चारों ओर मलबा, खून और वाहन के टूटे हुए हिस्से बिखरे पड़े थे।आष्टा एसडीओपी दामोदर गुप्ता ने बताया कि पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है। ट्रक को जब्त कर लिया गया है, जबकि मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं।
