कार हादसे के 24 घंटे के भीतर फिर हुआ बड़ा एक्सीडेंट, अंधेरा, संकेतकों की कमी और बीच सड़क पार्किंग बनी वजह
इंदौर। एमआर-10 से भानगढ़ रोड पर सुरक्षा इंतजामों की अनदेखी लगातार हादसों का कारण बन रही है। शनिवार रात कार डिवाइडर में घुसने की घटना के महज 24 घंटे बाद रविवार रात उसी स्थान पर एक और गंभीर हादसा हो गया। इस बार दो बाइक सवार घने अंधेरे और किसी भी प्रकार के चेतावनी संकेतक नहीं होने के कारण सड़क के बीच बने डिवाइडर में करीब 20 फीट तक जा घुसे।हादसे में एक बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। दूसरे युवक को भी चोटें आई हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि सड़क पर पर्याप्त रोशनी, रिफ्लेक्टर, डेड एंड का बोर्ड और बैरिकेडिंग होती, तो यह हादसा टाला जा सकता था।रहवासियों का आरोप है कि लगातार दुर्घटनाओं के बावजूद नगर निगम और संबंधित एजेंसियां कोई ठोस कदम नहीं उठा रही हैं। सबसे बड़ी समस्या यह है कि रात के समय सड़क के बीचों-बीच रोजाना वाहनों की अवैध पार्किंग होती है, जिससे गुजरने वाले वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। अंधेरे में खड़े वाहन और अधूरी सड़क दुर्घटना का बड़ा कारण बन रहे हैं।स्थानीय नागरिकों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही स्ट्रीट लाइट, रिफ्लेक्टर, चेतावनी बोर्ड, बैरिकेडिंग और अवैध पार्किंग पर कार्रवाई नहीं हुई, तो यह सड़क किसी भी दिन बड़े जानलेवा हादसे की वजह बन सकती है। लगातार दो दिनों में एक ही स्थान पर हुए हादसों ने संबंधित विभागों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
