
इंदौर। हीरानगर थाना पुलिस ने वाहन चोरी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से करीब 80 हजार रुपए कीमत की दो चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं। पुलिस आरोपी से अन्य वाहन चोरी की वारदातों के संबंध में भी पूछताछ कर रही है।पुलिस के अनुसार, 10 जुलाई 2026 की रात थाना हीरानगर का गश्ती दल नगर सुरक्षा समिति के सदस्यों के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहा था। इसी दौरान एक संदिग्ध युवक मोटरसाइकिल लेकर जाता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया तो वह वाहन छोड़कर भागने लगा। पुलिस और नगर सुरक्षा समिति के सदस्यों ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।पूछताछ में आरोपी की पहचान दिलीप पिता मदन भूरिया (24), निवासी भूतिया, जिला धार के रूप में हुई। उसके कब्जे से दो चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की गईं, जिनकी कुल कीमत लगभग 80 हजार रुपए बताई गई है।पुलिस ने आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही उससे अन्य वाहन चोरी की घटनाओं के संबंध में पूछताछ जारी है, जिससे और भी चोरी के वाहनों की बरामदगी होने की संभावना जताई जा रही है।
