इंदौर। शहर के जूनी इंदौर थाना क्षेत्र स्थित कलेक्टर चौराहे पर परिवार से भरी एक चलती कार पर कथित रूप से कुछ युवकों द्वारा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ युवक कार के सामने आकर हंगामा करते और वाहन पर हमला करते दिखाई दे रहे हैं। घटना के दौरान कार में मौजूद परिवार दहशत में आ गया।घटना के बाद पीड़ित परिवार शिकायत लेकर जूनी इंदौर थाने पहुंचा। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल हमले के कारणों और आरोपियों की पहचान की जा रही है। वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस आगे की वैधानिक कार्रवाई में जुटी हुई है।पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
