
इंदौर में आबकारी विभाग ने अवैध मदिरा के खिलाफ अभियान के तहत दो अलग-अलग कार्रवाई करते हुए कुल 21.75 बल्क लीटर अवैध शराब जब्त की। पहली कार्रवाई में मोती तबेला रोड पर होंडा एक्टिवा से 50 पाव देशी मसाला शराब बरामद की गई। आरोपी सोनू पिता नंदूलाल गौड़ के खिलाफ मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(क) के तहत मामला दर्ज किया गया। जब्त शराब और वाहन की कुल अनुमानित कीमत 85,450 रुपये बताई गई।दूसरी कार्रवाई में महू नाका के अर्जुनपुरा क्षेत्र स्थित एक कमरे की तलाशी के दौरान 11 बोतल विदेशी शराब और 25 पाव देशी मसाला शराब जब्त की गई।आबकारी विभाग ने बताया कि दोनों कार्रवाइयों में कुल 21.75 बल्क लीटर अवैध मदिरा जब्त की गई है। विभाग ने कहा कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, संग्रहण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा तथा दोषियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
