मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के घुवारा की रहने वाली भारतीय तेज गेंदबाज क्रांति गौड़ ने लंदन के ऐतिहासिक लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड पर इतिहास रच दिया। इंग्लैंड के खिलाफ महिला टेस्ट मैच की पहली पारी में उन्होंने 17 ओवर में 37 रन देकर 5 विकेट लिए, जिसमें 7 मेडन ओवर भी शामिल रहे।क्रांति गौड़ लॉर्ड्स के प्रतिष्ठित टेस्ट ऑनर्स बोर्ड पर नाम दर्ज कराने वाली पहली महिला क्रिकेटर बन गई हैं। यह उपलब्धि इसलिए भी खास है क्योंकि लॉर्ड्स में पहली बार महिला टेस्ट मैच खेला जा रहा है।क्रांति की इस ऐतिहासिक सफलता से उनके परिवार और कोच राजीव विल्थरे में खुशी की लहर है। उनके भाई मयंक सिंह ने इसे परिवार और देश के लिए गर्व का क्षण बताया, जबकि कोच ने उम्मीद जताई कि क्रांति भविष्य में भी शानदार प्रदर्शन कर भारतीय क्रिकेट का नाम रोशन करेंगी।
