विदेश अध्ययन छात्रवृत्ति योजना के अंतर्गत तीन छात्रों के लिए ₹1.53 करोड़ से अधिक की राशि स्वीकृत

भोपाल | पिछड़ा वर्ग तथा अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्रीमती कृष्णा गौर ने प्रदेश के प्रतिभावान विद्यार्थियों के उज्जवल भविष्य और उन्हें वैश्विक पटल पर उच्च शिक्षा के उत्कृष्ट अवसर प्रदान करने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के सतत सहयोग, संवेदनशील मार्गदर्शन एवं दूरदर्शी नेतृत्व के प्रति हार्दिक कृतज्ञता ज्ञापित की है। राज्यमंत्री श्रीमती गौर ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव के कुशल नेतृत्व में राज्य सरकार समाज के पिछड़े एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के छात्र-छात्राओं के सपनों को साकार करने और उनके अकादमिक उन्नयन के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है। इसी कड़ी में विभाग की महत्वाकांक्षी ‘पिछड़ा वर्ग विदेश अध्ययन छात्रवृत्ति योजना’ के माध्यम से प्रदेश के तीन मेधावी विद्यार्थियों का विदेशों के प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों में उच्च शिक्षा प्राप्त करने का मार्ग प्रशस्त हुआ है।पिछड़ा वर्ग तथा अल्पसंख्यक कल्याण विभाग द्वारा संचालित योजना के अंतर्गत वर्तमान में तीन चयनित विद्यार्थियों के लिए कुल ₹1,53,33,888.00 (एक करोड़ तिरपन लाख तैंतीस हजार आठ सौ अठासी रुपये) की छात्रवृत्ति राशि जारी की गई है। पिछड़ा वर्ग आयुक्त श्री सतेन्द्र सिंह द्वारा जारी की गई इस वित्तीय सहायता के माध्यम से विद्यार्थी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्नातकोत्तर (पीजी) पाठ्यक्रमों में अपना अध्ययन पूर्ण कर सकेंगे। योजना के अंतर्गत विद्यार्थियों को वैश्विक क्यूएस (QS) रैंकिंग के आधार पर प्रतिष्ठित विदेशी शिक्षण संस्थानों में ऑनलाइन प्रवेश प्राप्त होता है। संबंधित विश्वविद्यालय से ऑफर लेटर प्राप्त होने के उपरांत विभाग द्वारा विद्यार्थियों को शिक्षण शुल्क, आवास व्यवस्था एवं हवाई यात्रा किराया भत्ता सहित समस्त आवश्यक वित्तीय सहायता प्रदान की जाती है।
