
दतिया। दतिया उपचुनाव में भाजपा की हार के बाद सोशल मीडिया पर पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा और भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी के रिश्तों को लेकर चल रही अटकलों पर आखिरकार नरोत्तम मिश्रा ने अपनी चुप्पी तोड़ दी। उन्होंने सोशल मीडिया पर जारी बयान में कहा कि उनके और आशुतोष तिवारी के बीच किसी भी तरह की नाराज़गी या मतभेद नहीं है और वायरल हो रही सभी बातें पूरी तरह भ्रामक एवं निराधार हैं।नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि आशुतोष तिवारी उनके अनुज हैं और पिछले 25 वर्षों से दोनों के बीच पारिवारिक संबंध हैं। उन्होंने बताया कि आशुतोष एक मेहनती, समर्पित और ईमानदार भाजपा कार्यकर्ता हैं, जिन्हें वे वर्ष 2003 से जानते हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि आशुतोष तिवारी संगठन और जनता की अपेक्षाओं पर खरे उतरेंगे।पूर्व मंत्री ने अपने समर्थकों और कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे कोई भी ऐसी टिप्पणी या गतिविधि न करें जिससे पार्टी, संगठन या आशुतोष तिवारी को नुकसान पहुंचे। उन्होंने कहा कि भाजपा की असली ताकत उसकी एकजुटता, अनुशासन और संस्कार हैं।अपने बयान के अंत में नरोत्तम मिश्रा ने कहा, “राजनीति में उतार-चढ़ाव आते रहते हैं, लेकिन परिवार, संस्कार और रिश्ते हमेशा स्थायी रहते हैं।” उनके इस बयान को दतिया उपचुनाव के बाद संगठन में एकजुटता का संदेश माना जा रहा है।
