Oplus_131072
राऊ खबर सत्याग्रह।कांवड़ यात्रा के दौरान थाना राऊ एवं राजेंद्र नगर क्षेत्र में पेट्रोलिंग कर रहे पुलिस जवानों ने अपनी सतर्कता, सूझबूझ और त्वरित कार्रवाई से एक छात्र की जान बचा ली।जानकारी के अनुसार, दो छात्र मोटरसाइकिल से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे बैठा छात्र अचानक चलती बाइक से नीचे गिर गया और बेहोश हो गया। घटना के समय क्षेत्र में पेट्रोलिंग कर रहे थाना राऊ के प्रधान आरक्षक बलराम चौहान तथा थाना राजेंद्र नगर के आरक्षक राहुल बोर्डिया और विवेक प्रजापति की नजर छात्र पर पड़ी।पुलिस जवान बिना समय गंवाए तत्काल मौके पर पहुंचे और छात्र की स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के रूप में उसे सीपीआर (कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन) दिया। इसके बाद उन्होंने तुरंत एक ऑटो रिक्शा की व्यवस्था कर छात्र को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसका उपचार शुरू किया।डॉक्टरों के अनुसार, समय पर दिया गया सीपीआर और शीघ्र अस्पताल पहुंचाए जाने के कारण छात्र की जान बचाई जा सकी।
