इंदौर। बारिश के मौसम में गरमा-गरम समोसा खाने पहुंचे एक युवक को उस वक्त हैरानी हुई, जब समोसे के अंदर मरा हुआ कॉकरोच दिखाई दिया। मामला चिकमंगलूर चौराहे के पास स्थित एक नमकीन दुकान का बताया जा रहा है।जानकारी के मुताबिक, पीयूष मौर्य समोसा खाने पहुंचे थे। समोसा खाने के दौरान उन्हें उसके अंदर कॉकरोच नजर आया। उन्होंने इसका वीडियो बनाया और दुकानदार को दिखाकर शिकायत की। आरोप है कि दुकानदार ने मामले को गंभीरता से लेने के बजाय कथित तौर पर कहा, “गलती से आ गया होगा, वीडियो बनाना है तो बना लो।”घटना के बाद युवक ने मामले की शिकायत CM हेल्पलाइन और खाद्य सुरक्षा विभाग में की है। समोसे में कीड़ा मिलने की घटना ने दुकान पर बिकने वाले खाद्य पदार्थों की स्वच्छता और गुणवत्ता को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।खासकर बारिश के मौसम में खाद्य पदार्थों को लेकर साफ-सफाई और हाइजीन बेहद जरूरी है। अब देखना होगा कि शिकायत के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम जांच करती है या नहीं और लापरवाही सामने आने पर संबंधित दुकान के खिलाफ क्या कार्रवाई की जाती है।
