हीरा नगर थाना क्षेत्र में दो दिन पहले खाटू श्याम की भजन संध्या के दौरान हुई चाकूबाजी की घटना में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। इसके बाद पुलिस ने मामले में हत्या की धारा जोड़ते हुए मुख्य आरोपी कल्ला और उसके साथियों की तलाश तेज कर दी है।पुलिस के अनुसार, मृतक तेजपाल पाल खाटू श्याम की भजन संध्या में शामिल होने गया था। इसी दौरान किसी बात को लेकर उसका चार युवकों से विवाद हो गया। आरोप है कि मुख्य आरोपी कल्ला ने अपने साथियों के साथ मिलकर तेजपाल पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।घटना के बाद तेजपाल के परिचित उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी गई। हीरा नगर थाना पुलिस ने पहले हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी, लेकिन इलाज के दौरान तेजपाल की मौत हो जाने के बाद प्रकरण में हत्या की धारा जोड़ दी गई।पुलिस ने मुख्य आरोपी कल्ला सहित उसके साथियों की पहचान कर ली है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।पुलिस के मुताबिक, मृतक तेजपाल पाल मूल रूप से उत्तर प्रदेश के ललितपुर का रहने वाला था। वह हाल ही में अपनी पत्नी और बेटे के साथ इंदौर आया था और शहर के एक रेस्टोरेंट में वेटर के रूप में काम करता था।प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि मुख्य आरोपी कल्ला पहले से आपराधिक प्रवृत्ति का है। वह लसूडिया थाना क्षेत्र में हुई एक चाकूबाजी की घटना में भी आरोपी है और उस मामले में फरार चल रहा था। पुलिस अब दोनों मामलों के संबंध में उसकी तलाश कर रही है।
