इंदौर। बेहतर पुलिसिंग और उल्लेखनीय कार्य करने वाले पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों का उत्साह बढ़ाने के उद्देश्य से इंदौर पुलिस कमिश्नरेट के साप्ताहिक पुरस्कार कार्यक्रम के तहत 19 पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया गया।पलासिया स्थित पुलिस कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह ने सराहनीय कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र और नकद पुरस्कार प्रदान किए। उन्होंने सम्मानित पुलिसकर्मियों को बधाई देते हुए भविष्य में भी इसी तरह जिम्मेदारी और तत्परता से कार्य करने के लिए प्रेरित किया।यूएसडीटी लूट का तेजी से किया खुलासापलासिया थाना क्षेत्र में हुई यूएसडीटी लूट की घटना का त्वरित खुलासा कर छह आरोपियों को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम के सात सदस्यों को सम्मानित किया गया। इनमें निरीक्षक सुरेंद्र सिंह रघुवंशी, उपनिरीक्षक जगदीश मालवीय, प्रधान आरक्षक अभिषेक सेंगर, रिंकू राजपूत, विशाल पाटिल, इमरत और धनराज गिरि शामिल रहे।पुलिस टीम ने मामले में तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपियों तक पहुंच बनाई और लूट की वारदात का खुलासा किया। इस कार्रवाई को लेकर पुलिस कमिश्नर ने टीम के प्रयासों की सराहना की।ऑपरेशन मुस्कान में 11 बच्चों को तलाशावहीं, ऑपरेशन मुस्कान के तहत गुम हुए 11 बच्चों को तलाशकर दस्तयाब करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली लसूड़िया थाना पुलिस की निरीक्षक नीतू सिंह और उपनिरीक्षक निधि मित्तल को भी सम्मानित किया गया।पुलिस कमिश्नर ने दोनों अधिकारियों के कार्य की प्रशंसा करते हुए कहा कि गुम हुए बच्चों को सुरक्षित तलाशना पुलिस की महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों में शामिल है। ऐसे प्रयासों से परिवारों को राहत मिलने के साथ ही पुलिस के प्रति आमजन का विश्वास भी मजबूत होता है।
