इंदौर। लगभग 35 वर्षों के पत्रकारिता करियर में पत्रकारिता से जुड़े अनेक पुरस्कार और सम्मान प्राप्त कर चुके वरिष्ठ पत्रकार एवं इंदौर प्रेस क्लब के पूर्व अध्यक्ष अरविंद तिवारी को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सम्मानित किया गया।शहर से जुड़े मुद्दों को लेकर पिछले कुछ वर्षों से उनकी सक्रियता और निरंतर प्रयासों के लिए इंदौर नगर निगम परिसर में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह में महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने तिवारी को सम्मानित किया। इस अवसर पर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल, महापौर परिषद के सदस्य, पार्षदगण, पत्रकार साथी एवं शहर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।सम्मान के बाद अरविंद तिवारी ने कहा कि यह सम्मान उन्हें शहर के नागरिक के रूप में अपनी जिम्मेदारी और जवाबदेही का एहसास हमेशा कराता रहेगा। उन्होंने कहा कि आगे भी शहर के लिए कुछ बेहतर करने का उनका ईमानदार प्रयास जारी रहेगा। उन्होंने सम्मान के लिए नगर निगम की पूरी टीम के प्रति आभार व्यक्त किया।
