इंदौर। लसूड़िया थाना क्षेत्र के अपोलो हाई स्ट्रीट स्थित वन8 क्लब में आयोजित रेट्रो बॉलीवुड इवेंट को लेकर विवाद सामने आया है। श्री राजपूत करणी सेना के कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम में पहुंचे तीन युवकों पर हिंदू युवतियों के साथ अभद्रता करने और आपत्तिजनक गतिविधियों में शामिल होने का आरोप लगाया है। कार्यकर्ताओं ने इस पूरे मामले को ‘लव जिहाद’ से जोड़ते हुए युवकों को पुलिस के सुपुर्द किया।
करणी सेना के मुताबिक, सूचना मिली थी कि क्लब में आयोजित इवेंट के दौरान कुछ युवक युवतियों के साथ अभद्र व्यवहार कर रहे हैं। कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और तीन युवकों को पूछताछ के लिए बाहर लाए। पूछताछ में युवकों ने अपने नाम मोईन खान, साहिल खान और जुनैद खान, निवासी बेटमा बताए।
कार्यकर्ताओं का दावा है कि युवकों के मोबाइल फोन की जांच के दौरान कई युवतियों के फोटो, वीडियो और चैट मिले। इन तस्वीरों और वीडियो की प्रकृति तथा उन्हें किस उद्देश्य से रखा गया था, इसकी पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
करणी सेना ने आरोप लगाया कि कुछ युवक इवेंट में शामिल होकर युवतियों के मोबाइल नंबर और फोटो-वीडियो हासिल कर बाद में उन्हें ब्लैकमेल करने का प्रयास करते हैं। संगठन ने पब और इवेंट आयोजकों से प्रवेश के दौरान सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने और युवतियों की निजता व सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
मामले में लसूड़िया पुलिस ने तीनों युवकों को हिरासत में लेकर उनके मोबाइल फोन जब्त किए हैं। पुलिस मोबाइल में मिले कंटेंट और पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद ही आरोपों की वास्तविकता और आगे की कानूनी कार्रवाई स्पष्ट होगी।
मौके पर श्री राजपूत करणी सेना के मानसिंह राजावत, रणविजय सिंह तोमर, कपिल कौशल, नवीन अग्रवाल सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
