Oplus_131072
बड़वानी/सेंधवा। सेंधवा के समीप जामली स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय में छात्र-छात्राओं की शिकायतों ने सोमवार को बड़ा विरोध प्रदर्शन का रूप ले लिया। विद्यार्थियों ने विद्यालय में कथित तौर पर जातिसूचक शब्दों के इस्तेमाल, अभद्र व्यवहार और छात्रावास की व्यवस्थाओं को लेकर नाराजगी जताई। करीब 200 छात्र-छात्राएं अपनी शिकायतें सीधे कलेक्टर के सामने रखने के लिए जिला मुख्यालय की ओर पैदल निकल पड़े।विद्यार्थियों का आरोप है कि विद्यालय में आदिवासी विद्यार्थियों के प्रति कथित तौर पर आपत्तिजनक एवं अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया गया। इसके अलावा छात्रावास में परिजनों से मुलाकात सहित अन्य व्यवस्थाओं को लेकर भी विद्यार्थियों ने सवाल उठाए।छात्र-छात्राओं का कहना था कि वे अपनी समस्याओं का समाधान चाहते हैं और मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। विद्यार्थियों के पैदल मार्च की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और उन्हें समझाने का प्रयास किया।प्रशासन की ओर से शिकायतों की जांच के लिए दल गठित करने का आश्वासन दिया गया। विद्यार्थियों ने स्पष्ट किया कि विद्यालय में पढ़ने वाले आदिवासी विद्यार्थियों के सम्मान और स्वाभिमान से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
