देवास। मेंडकी रोड स्थित अंडरब्रिज में पानी भर जाने के कारण एक स्कूली मैजिक वाहन फंस गया। वाहन में स्कूली बच्चे सवार थे। सूचना मिलते ही क्षेत्रीय पार्षद और पुलिस मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद वाहन में फंसे बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।बताया जा रहा है कि अंडरब्रिज में जलभराव के चलते वहां बैरिकेडिंग लगाई गई थी, लेकिन बैरिकेडिंग हटाकर मैजिक वाहन को अंडरब्रिज में ले जाने की बात भी सामने आ रही है। इसी दौरान वाहन पानी में फंस गया।देवास सीएसपी सुमित अग्रवाल के अनुसार मामले को गंभीरता से लिया गया है। प्रारंभिक जानकारी के आधार पर स्कूल प्रबंधन और वाहन चालक के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।घटना के बाद सवाल उठ रहे हैं कि जलभराव और बैरिकेडिंग के बावजूद स्कूली वाहन को अंडरब्रिज में प्रवेश की अनुमति कैसे मिली। प्रशासन द्वारा मामले की जांच के बाद स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।
