सिंफनी, रजवाड़ी और टिंबकतु रेस्टोरेंट का निरीक्षण; पनीर, ग्रेवी समेत कई खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए, कमियों पर नोटिस जारी
इंदौर। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता को लेकर खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने इंदौर में कार्रवाई तेज कर दी है। आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं नियंत्रक, खाद्य एवं औषधि प्रशासन, मध्यप्रदेश के निर्देशन और कलेक्टर श्री शिवम वर्मा के मार्गदर्शन में टीम ने शहर के विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान कैट रोड स्थित सिंफनी रेस्टोरेंट में पनीर, नूडल्स, तैयार ग्रेवी और घी के नमूने जांच के लिए लिए गए। टीम को किचन में साफ-सफाई की कमी, फूड हैंडलर्स के मेडिकल फिटनेस सर्टिफिकेट का अभाव, वॉटर टेस्टिंग रिपोर्ट उपलब्ध नहीं होना और रेफ्रिजरेटर में निर्धारित तापमान का पालन नहीं होना जैसी कमियां मिलीं। इसके अलावा खाद्य सामग्री पर डेट मार्किंग नहीं थी और कई खाद्य पदार्थ खुले में रखे पाए गए।इसके बाद रजवाड़ी रेस्टोरेंट, कैट रोड का निरीक्षण किया गया। यहां से पनीर और ग्रेवी के नमूने लिए गए। निरीक्षण में फूड हैंडलर्स के मेडिकल फिटनेस सर्टिफिकेट और वॉटर टेस्टिंग रिपोर्ट उपलब्ध नहीं मिली। कमियों को लेकर प्रतिष्ठान को सुधार हेतु सूचना पत्र जारी किया जा रहा है।वहीं टिंबकतु रेस्टोरेंट, सत्य साईं चौराहा, स्कीम नंबर 54 में निरीक्षण के दौरान दाल, चावल, मैदा और मूंगफली दाना के नमूने लिए गए। यहां वेजिटेरियन और नॉन-वेजिटेरियन खाद्य पदार्थ एक साथ रखे मिले। खुले डस्टबिन, किचन में कॉकरोच, साफ-सफाई एवं हाइजीन की कमी, वॉटर टेस्टिंग रिपोर्ट का अभाव और फूड लाइसेंस उचित स्थान पर प्रदर्शित नहीं होना जैसी खामियां सामने आईं।खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि खाद्य प्रतिष्ठानों में गुणवत्ता, स्वच्छता, सुरक्षित भंडारण और फूड सेफ्टी मानकों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण में मिली कमियों को लेकर संबंधित प्रतिष्ठानों को सूचना पत्र/नोटिस जारी किए जा रहे हैं। निर्धारित समय में सुधार नहीं होने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 एवं संबंधित नियमों के तहत आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच और कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहने की बात प्रशासन ने कही है।
