इंदौर। लसूड़िया थाना पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर दो अलग-अलग मामलों में कुल 64.85 ग्राम MD ड्रग्स जब्त की है। पुलिस के मुताबिक जब्त ड्रग्स की कीमत करीब 3 लाख 50 हजार रुपये है। कार्रवाई में कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।पहली कार्रवाई महालक्ष्मी नगर स्थित एक फ्लैट में की गई, जहां पुलिस ने एक युवक और दो युवतियों को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान इनके कब्जे से 9.17 ग्राम MD बरामद हुई, जिसकी कीमत करीब 50 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस के अनुसार फ्लैट को ऑनलाइन Airbnb के माध्यम से पार्टी के लिए बुक किया गया था।इसके बाद पुलिस ने निरंजनपुर सब्जी मंडी परिसर में कार्रवाई करते हुए शहजाद और मोहम्मद सदाम को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक शहजाद के कब्जे से 26.96 ग्राम और सदाम के कब्जे से 28.72 ग्राम MD बरामद हुई। दोनों से कुल 55.68 ग्राम MD जब्त की गई। पुलिस ने मौके से बिना नंबर की बजाज पल्सर मोटरसाइकिल भी जब्त की है।पूछताछ में दोनों आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उन्होंने MD राजस्थान के झालावाड़ निवासी शेख अनस से खरीदी थी। इसके बाद साइबर सेल से मिली तकनीकी जानकारी के आधार पर पुलिस ने 23 सितंबर को कोटा से शेख अनस को गिरफ्तार किया।पुलिस के मुताबिक पूछताछ में शेख अनस ने MD की तस्करी में शामिल होने की बात स्वीकार की। उसने बताया कि चार दिन बाद उसका इंदौर में निकाह होना था और पैसों की जरूरत के चलते वह MD की तस्करी कर रहा था।पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लिया है। अब पुलिस आरोपियों से MD के स्रोत, सप्लाई नेटवर्क और इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में पूछताछ कर रही है। पुलिस आरोपियों की चल-अचल संपत्ति की जानकारी भी जुटा रही है।पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में कुछ के खिलाफ पहले से भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। कार्रवाई थाना प्रभारी राजकुमार यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम और साइबर सेल की मदद से की गई।
j
