पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह और कलेक्टर शिवम वर्मा ने अधिकारियों के साथ लिया व्यवस्थाओं का जायजा, सुरक्षा और यातायात को लेकर दिए निर्देश
इंदौर। अनंत चतुर्दशी के अवसर पर निकलने वाले जुलूस और झांकियों को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। गुरुवार देर रात पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह और कलेक्टर शिवम वर्मा ने एसडीएम, पुलिस, नगर निगम एवं मध्यप्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के अधिकारियों के साथ झांकी मार्ग का निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने झांकी मार्ग पर पांडाल, स्वागत मंच, बैरिकेडिंग, वॉच टावर, विद्युत व्यवस्था, यातायात और आमजन की सुरक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। देर रात मार्ग पर मंच, बैरिकेड्स और वॉच टावर लगाने का काम भी शुरू कर दिया गया।कलेक्टर शिवम वर्मा ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि झांकी मार्ग पर किसी भी तरह का अवरोध न हो और सभी पांडाल एवं स्वागत मंच निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप लगाए जाएं। साथ ही विद्युत सुरक्षा, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, यातायात एवं भीड़ नियंत्रण, साफ-सफाई और आपातकालीन सेवाओं के लिए रास्ता सुगम रखने के निर्देश दिए गए।पुलिस कमिश्नर और कलेक्टर ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ व्यवस्थाएं समय-सीमा में पूरी करने के निर्देश दिए, ताकि अनंत चतुर्दशी के दौरान झांकी मार्ग पर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।
