सुबह 8 बजे दिखाई दिया, फर्श पर काफी देर तक घूमता रहा; कर्मचारियों ने बाहर निकाला
इंदौर। शहर के सबसे बड़े शासकीय अस्पतालों में शामिल Maharaja Yeshwantrao ( M. Y) Hospital की नई ओपीडी में मंगलवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब परिसर के अंदर सांप दिखाई दिया। जानकारी के मुताबिक सुबह करीब 8 बजे कर्मचारियों की नजर सांप पर पड़ी। उस समय ओपीडी खुलने की तैयारी चल रही थी।सांप कुछ देर तक ओपीडी के फर्श पर रेंगता रहा और बाद में खिड़की के पास जाकर बैठ गया। कर्मचारियों ने सुरक्षाकर्मियों को सूचना दी। इसके बाद लकड़ी की मदद से सांप को बाहर निकालने की कोशिश की गई। काफी मशक्कत के बाद उसे ओपीडी से बाहर झाड़ियों की ओर खदेड़ दिया गया। गनीमत रही कि सांप के कारण किसी मरीज या कर्मचारी को नुकसान नहीं हुआ।बताया जा रहा है कि एमवाय अस्पताल परिसर में पहले भी सांप और अन्य जीव-जंतु दिखाई देने की घटनाएं सामने आती रही हैं। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक अस्पताल के आसपास खुले हिस्से और चूहों की मौजूदगी के कारण भी सांपों के परिसर में आने की आशंका रहती है। अस्पताल में पहले चूहों की समस्या को लेकर भी कार्रवाई और विवाद सामने आ चुका है।एमवाय अस्पताल में रोजाना बड़ी संख्या में मरीज और उनके परिजन पहुंचते हैं। ऐसे में नई ओपीडी जैसे मरीजों की आवाजाही वाले स्थान पर सांप मिलने की घटना ने अस्पताल की साफ-सफाई और परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
