चार मामलों में 56.8 लीटर अवैध शराब और 10 लीटर बीयर जब्त
इंदौर। अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत टीम ने शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए चार प्रकरण दर्ज किए। कार्रवाई में कुल 13.5 लीटर विदेशी मदिरा, 10 लीटर बीयर और 33.3 लीटर देशी मदिरा बरामद की गई।कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देशन और सहायक आयुक्त आबकारी अभिषेक तिवारी के मार्गदर्शन में कंट्रोलर कमलेश सोलंकी एवं डिप्टी कंट्रोलर मनोज अग्रवाल द्वारा गठित टीम ने सुबह गश्त के दौरान नवलखा क्षेत्र में मुखबिर की सूचना पर दबिश दी। यहां अवैध रूप से शराब का विक्रय कर रहे संजू को पकड़ा गया। उसके कब्जे से प्लास्टिक की बोरियों में रखे 50 पाव देशी मदिरा प्लेन और 50 पाव देशी मदिरा मसाला बरामद किए गए।इसी क्रम में छावनी क्षेत्र में होंडा एक्टिवा क्रमांक CG 10 AP 5192 से शराब की तस्करी करते अंकित सैनी को पकड़ा गया। उसके बैग की तलाशी लेने पर ब्लैक एंड व्हाइट, रॉकफोर्ड व्हिस्की और ओल्ड मॉन्क रम की कुल 18 बोतलें बरामद हुईं।वहीं रालामंडल और असरावद खुर्द में भी मुखबिर की सूचना पर दबिश दी गई। रालामंडल से गीताबाई के कब्जे से 20 बीयर कैन, जबकि असरावद खुर्द से मनीष चौधरी के कब्जे से 40 पाव देशी मदिरा मसाला और 45 पाव देशी मदिरा प्लेन बरामद की गई। आबकारी विभाग ने सभी मामलों में नियमानुसार प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
