इंदौर। अन्नपूर्णा थाना पुलिस ने 2 अक्टूबर को महिला के साथ हुई चेन स्नेचिंग की वारदात का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने वारदात के बाद चोरी की सोने की चेन खरीदने वाले एक सुनार को भी गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 10 ग्राम सोने की चेन बरामद की गई है, जिसकी कीमत लगभग 1.50 लाख रुपए बताई जा रही है।पुलिस के मुताबिक, 2 अक्टूबर को एक महिला किराना दुकान से सामान लेकर अपने घर लौट रही थी। इसी दौरान एक्टिवा सवार दो बदमाश महिला के गले से सोने की चेन छीनकर फरार हो गए थे।वारदात के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश के लिए इलाके में लगे 500 से ज्यादा CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही मुखबिर सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई।पुलिस जांच में सामने आया कि वारदात के बाद आरोपियों ने अपनी एक्टिवा पर नंबर प्लेट और रेडियम लगाकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की थी। हालांकि, पुलिस ने CCTV फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपियों तक पहुंच बनाई।पुलिस ने आरोपियों के पास से करीब 10 ग्राम सोने की चेन के साथ वारदात में इस्तेमाल की गई एक्टिवा स्कूटी भी जब्त की है। पुलिस के मुताबिक, चेन और स्कूटी सहित कुल जब्ती की कीमत करीब 2.50 लाख रुपए है।मामले में पुलिस ने अनुराग, अमित और चिराग को गिरफ्तार किया है। इनमें से दो आरोपी चेन स्नेचिंग की वारदात में शामिल बताए जा रहे हैं, जबकि तीसरा आरोपी चोरी की चेन खरीदने वाला सुनार है। पुलिस तीनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
