इंदौर। शहर में बहुप्रतीक्षित RE-2 सड़क निर्माण को गति देने के लिए मंगलवार सुबह बड़ी कार्रवाई की गई। स्कीम नंबर 140 के नजदीक RE-2 के निर्माण में बाधक बन रहे 300 से ज्यादा मकानों और निर्माणों को हटाने की कार्रवाई जिला प्रशासन की टीम ने भारी पुलिस बल की मौजूदगी में की।
सुबह से ही प्रशासन और नगर निगम का अमला मशीनों के साथ मौके पर पहुंच गया था। सड़क की प्रस्तावित सीमा में आ रहे बाधक निर्माणों को हटाया गया। कार्रवाई के दौरान प्रभावित रहवासियों ने आपत्ति दर्ज कराते हुए विरोध भी किया, जिसके चलते कुछ स्थानों पर स्थिति तनावपूर्ण नजर आई।
RE-2 का निर्माण भूरी टेकरी से नायता मुंडला क्षेत्र को जोड़ने वाली महत्वपूर्ण सड़क परियोजना का हिस्सा है। हाल ही में नगर निगम आयुक्त ने भी इस मार्ग का निरीक्षण कर बाधक निर्माणों के कारण प्रभावित परिवारों के पुनर्वास की व्यवस्था जल्द पूरी करने के निर्देश दिए थे। प्रशासन के अनुसार प्रभावित परिवारों को नियमानुसार पुनर्वास की व्यवस्था से जोड़ा जा रहा है।
