6 बैंक खातों में करीब 1 करोड़ रुपये के संदिग्ध ट्रांजैक्शन का खुलासा; मोबाइल, सिम और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त
इंदौर के विजय नगर थाना क्षेत्र में साइबर और वित्तीय धोखाधड़ी के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। म्यूल बैंक खातों के जरिए कथित ठगी की रकम के लेनदेन के मामले में 11 आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज किया गया है। प्रारंभिक जांच में 6 बैंक खाते सामने आए हैं, जिनमें करीब एक करोड़ रुपये के संदिग्ध ट्रांजैक्शन की जानकारी मिली है।पुलिस के मुताबिक, 26 अक्टूबर को मुखबिर से म्यूल खातों के संबंध में सूचना मिली थी। इसके बाद दिलीप पाण्डे से पूछताछ की गई। उससे मिली जानकारी के आधार पर पुलिस टीम प्रिंसेस स्काई बिजनेस पार्क स्थित द रैपिड इन्वेस्टर्स कंपनी के कार्यालय पहुंची, जहां कंपनी संचालक शुभम शर्मा मिला।प्रारंभिक तथ्यों के अनुसार, ग्राहकों से कॉलिंग के जरिए संपर्क किया जाता था और उनसे प्राप्त राशि कंपनी के खातों तथा दिलीप पाण्डे के माध्यम से उपलब्ध कराए गए कथित म्यूल खातों में जमा कराई जाती थी। कर्मचारियों को राशि के अनुसार हिस्सा दिए जाने की बात भी सामने आई है। इन तथ्यों का सत्यापन जांच में किया जाएगा।11 आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्जविजय नगर पुलिस ने अपराध क्रमांक 1013/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) और 3(5) में 11 आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इनमें दिलीप पाण्डे, एहमद राजा शेख, नरेश यादव, अमित मणि, नरेन्द्र पाटीदार, योगेश पटेल, शुभम शर्मा, भरत भूषण कुशवाह, विजेन्द्र, रमनदीप सिंह भाटिया और अमित चौरसिया शामिल हैं।कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 17 मोबाइल फोन, 20 सिम कार्ड, एक लैपटॉप, 3 सीपीयू, एक हार्ड डिस्क और अन्य दस्तावेज जब्त किए हैं।पुलिस अब बैंक खातों में रकम के स्रोत, लेनदेन और आगे हुए ट्रांसफर की जांच कर रही है। अधिकारियों ने आमजन से अपील की है कि कमीशन के लालच में अपना बैंक खाता, एटीएम कार्ड या सिम किसी अन्य व्यक्ति को इस्तेमाल के लिए न दें। पुलिस के अनुसार, साक्ष्यों के आधार पर संलिप्त पाए जाने वालों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
