देवास | खबर सत्याग्रहदेवास के चंदाना में जहरीली शराब से हुई मौतों के मामले में मंगलवार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कलेक्टर कार्यालय का घेराव कर प्रदर्शन किया। पटवारी ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए मांग की कि जिम्मेदारों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया जाए। उन्होंने कहा कि मांग पूरी नहीं होने पर इंदौर और उज्जैन से 50 हजार लोगों को जुटाकर देवास से उज्जैन तक पैदल यात्रा निकाली जाएगी।प्रदर्शन के दौरान मृतकों के परिजन उनकी तस्वीरें लेकर धरने पर बैठे और न्याय की मांग की। पुलिस ने कलेक्टर कार्यालय के गेट पर दोहरी बैरिकेडिंग की थी, लेकिन आक्रोशित कार्यकर्ता बैरिकेड्स पर चढ़ गए और सड़क पर बैठकर नारेबाजी करने लगे।मौके पर पहुंचे एडीएम शोभाराम सोलंकी और एसडीएम अभिषेक शर्मा के सामने पटवारी ने अवैध शराब की बिक्री और प्रशासन की कार्रवाई पर सवाल उठाए। प्रदर्शन के दौरान उन्होंने शराब की बोतल हाथ में लेकर जांच प्रक्रिया पर भी तंज कसा। पटवारी ने कहा कि जहरीली शराब से लोगों की मौत होने के बावजूद हत्या की धारा में मामला दर्ज करने में देरी क्यों की जा रही है।पटवारी ने स्पष्ट किया कि दोषियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज होने तक कांग्रेस का आंदोलन जारी रहेगा।
