छह ढाबों पर प्रकरण दर्ज, हाईवे पर ट्रकों और कंटेनरों की भी सघन जांच

इंदौर में अवैध शराब के संग्रहण और बिक्री के खिलाफ आबकारी विभाग ने कार्रवाई करते हुए छह ढाबों से देशी-विदेशी मदिरा की 65 बोतलें जब्त की हैं। कार्रवाई के दौरान संबंधित ढाबों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई।कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देश और सहायक आयुक्त आबकारी अभिषेक तिवारी के मार्गदर्शन में 26 अक्टूबर को यह कार्रवाई की गई। जांच के दायरे में महाकाल ढाबा, मां भगवती रेस्टोरेंट एवं ढाबा, ठाकुर श्री ढाबा, बाबा ढाबा, राजपूत ढाबा और जय मां काली ढाबा शामिल रहे।जिला कंट्रोल रूम प्रभारी कमलेश सोलंकी, डिप्टी कंट्रोलर मनोज अग्रवाल के निर्देशन तथा सहायक जिला आबकारी अधिकारियों पवन टिकेकर और निधि शर्मा के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई की।इसके अलावा हाईवे पर संदिग्ध ट्रकों और कंटेनरों की भी सघन जांच की गई, ताकि अवैध शराब के परिवहन पर रोक लगाई जा सके। आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया कि अवैध मदिरा के निर्माण, संग्रहण, बिक्री और परिवहन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
