इंदौर की निरंजनपुर बस्ती स्थित मारथोमा स्कूल के सामने मंगलवार देर रात एक दर्दनाक घटना सामने आई। बाइक सवार दो युवकों ने एक गाय की झोपड़ी में कथित रूप से आग लगा दी। इस हादसे में एक गाय और उसका बछड़ा गंभीर रूप से झुलस गए।घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में दो युवक बाइक से आते हुए और झोपड़ी में आग लगाते हुए साफ दिखाई दे रहे हैं। आग लगने के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।स्थानीय लोगों ने आग की लपटें देख तुरंत मौके पर पहुंचकर आग बुझाने की कोशिश की। सूचना मिलते ही पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। घायल गाय और बछड़े का उपचार कराया जा रहा है।पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करने की बात कही जा रही है।स्थानीय लोगों में घटना को लेकर रोष व्याप्त है और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की जा रही है।
