इंदौर के लसूड़िया थाना क्षेत्र अंतर्गत निरंजनपुर बस्ती में गाय की झोपड़ी में आग लगाने की घटना में लसूड़िया पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को मात्र आठ घंटे में गिरफ्तार कर लिया।फरियादी दीमान सिंह चंदेल ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि देर रात करीब 2 बजे अज्ञात बदमाशों ने उनके बाड़े में बने लकड़ी के छप्पर में आग लगा दी, जिससे बंधी गाय और बछिया झुलस गईं। मोहल्ले वालों की मदद से दोनों पशुओं को बाहर निकाला गया। मामले में अपराध क्रमांक 207/2026 धारा 326(G) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, जिनमें दो युवक आग लगाते दिखाई दिए। फुटेज और मुखबिर सूचना के आधार पर पुलिस ने आकाश उर्फ आकाश घोड़ी (30) और सिद्धार्थ उर्फ सिद्धू (34) को गिरफ्तार किया।गिरफ्तारी से बचने के प्रयास में भागते समय दोनों आरोपी गिर पड़े, जिससे उन्हें चोट आई। उनका मेडिकल परीक्षण कराया गया है। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि फरियादी से पुरानी रंजिश के चलते आरोपियों ने घटना को अंजाम दिया। पुलिस ने मामले में सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
