इंदौर। विजयनगर थाना क्षेत्र स्थित ऑर्बिट मॉल के पास 10 फरवरी 2026 की रात हुए मारपीट के मामले में विजयनगर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। गंभीर रूप से घायल बाउंसर गोलू चंद्रवंशी (सोनू चंद्रवंशी) की उपचार के दौरान मृत्यु हो जाने के बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।पुलिस के अनुसार, घटना के बाद थाना विजयनगर में अपराध क्रमांक 128/2026 धारा 109(1), 115(2), 296(ए), 3(5), 351(3), इजाफा-103 बीएनएस 2023 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस आयुक्त इंदौर संतोष कुमार सिंह, डीसीपी जोन-02 कुमार प्रतीक, एडीसीपी अमरेन्द्र सिंह और एसीपी विजयनगर पराग सैनी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी चंद्रकांत पटेल के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की और रिकॉर्ड समय में घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया। गिरफ्तारी के दौरान आरोपियों ने भागने का प्रयास करते हुए नाले में छलांग लगा दी, जिससे उन्हें चोटें आईं। नियमानुसार उनका उपचार कराया जा रहा है।पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि मामूली विवाद (कंधा टकराने) के बाद उन्होंने गुस्से में आकर गोलू चंद्रवंशी पर बीयर की बोतल से हमला किया, जो जानलेवा साबित हुआ।- गिरफ्तार आरोपी:• अखिलेश पिता प्रकाश वासरे (22) – प्रकाशचंद्र सेड्डी नगर, इंदौर• अमोघ एमए रैदास पिता मोहन प्रसाद रैदास (21) – विराट नगर, मूसाखेड़ी• आकाश कदम पिता जितेंद्र कदम (31) – प्रकाश चंद्रशेट्टी नगर, इंदौर• वरुण श्रीनिवास पिता राकेश श्रीवास (21) – मयूर नगर, मूसाखेड़ी, इंदौर• विजयनगर पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई को उत्कृष्ट पुलिसिंग का उदाहरण बताया जा रहा है।
