इंदौर के लसुड़िया थाना क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से लसुड़िया थाना द्वारा वेलेंटाइन डे के अवसर पर विशेष CASO (कॉर्डन एंड सर्च ऑपरेशन) अभियान संचालित किया गया। यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त जोन-2 कुमार प्रतीक के निर्देशन में की गई।अभियान का नेतृत्व थाना प्रभारी तरेश सोनी ने किया। उनके मार्गदर्शन में पुलिस बल ने स्कीम नंबर 78 स्थित द हब एवं वृंदावन रेस्टोरेंट के आसपास के क्षेत्रों में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की विधिवत तलाशी ली। आम नागरिकों की फ्रिस्किंग की गई तथा सार्वजनिक स्थानों, पार्किंग क्षेत्रों, रेस्टोरेंट और कैफे के आसपास पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया गया।अभियान के दौरान ड्रोन कैमरे के माध्यम से पूरे क्षेत्र पर निगरानी रखी गई, जिससे भीड़भाड़ वाले स्थानों पर किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।थाना लसुड़िया पुलिस द्वारा उपस्थित आमजन, युवाओं एवं व्यापारियों को नशे से दूर रहने, सार्वजनिक स्थानों पर अनुशासन बनाए रखने तथा किसी भी प्रकार की असामाजिक गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की समझाइश दी गई। साथ ही यातायात नियमों के पालन और आपसी सौहार्द बनाए रखने हेतु भी जागरूक किया गया।पुलिस अधिकारियों के अनुसार, त्योहारों एवं विशेष अवसरों पर सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए इस प्रकार के अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेंगे।
