इंदौर। शहर में बच्चा चोरी गैंग को लेकर फैलाई जा रही झूठी अफवाहों पर इंदौर पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शहर में अब तक इस प्रकार की कोई घटना सामने नहीं आई है और न ही किसी बच्चा चोरी गैंग के सक्रिय होने की पुष्टि हुई है। इसके बावजूद कुछ लोग सोशल मीडिया के माध्यम से भ्रामक पोस्ट, मैसेज और वीडियो वायरल कर रहे हैं, जिससे आमजन में अनावश्यक भय का माहौल बन रहा है।पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह द्वारा पूर्व में जारी निर्देशों के अनुसार सोशल मीडिया पर झूठी और भ्रामक खबरें फैलाने वालों के विरुद्ध धारा 163 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई की जाएगी। आदेशों का उल्लंघन करने पर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ धारा 223 बीएनएस के तहत एफआईआर दर्ज कर कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही ऐसे गैरजिम्मेदार लोगों के सोशल मीडिया अकाउंट भी ब्लॉक कराने की प्रक्रिया की जाएगी।पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी अपुष्ट या संदिग्ध संदेश पर ध्यान न दें और न ही उसे आगे फॉरवर्ड करें। अफवाह फैलाना कानूनन अपराध है, जिससे सामाजिक सौहार्द एवं कानून-व्यवस्था प्रभावित हो सकती है।यदि किसी को इस प्रकार की भ्रामक खबर या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलती है, तो वह तुरंत संबंधित पुलिस थाना या इंदौर पुलिस के क्राइम वॉच नंबर 7049108283 पर सूचना दे।इंदौर पुलिस ने दोहराया है कि अफवाहों से दूर रहें, सतर्क रहें और जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाते हुए शहर में शांति बनाए रखने में सहयोग करें।
