इंदौर के भागीरथपुरा में एक बच्चे की जन्मदिन पार्टी उस समय मुसीबत में बदल गई, जब दावत में शामिल 30 से अधिक मेहमान अचानक बीमार पड़ गए। पार्टी के अगले दिन कई लोगों को पेट दर्द, उल्टी-दस्त और कमजोरी की शिकायत हुई। चार लोगों को एहतियातन एमवाय अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि अन्य का इलाज निजी क्लिनिक और घर पर ही किया गया।जानकारी के अनुसार शनिवार को शुक्ला गली में आकाश मुक्शिया के बेटे का जन्मदिन मनाया गया था। कार्यक्रम में करीब 40–48 लोग शामिल हुए थे। मेन्यू में दाल-बाफले, आलू की सब्जी सहित अन्य व्यंजन परोसे गए थे। रविवार सुबह से ही मेहमानों की तबीयत बिगड़ने लगी।सूचना मिलने पर स्वास्थ्य विभाग, खाद्य विभाग और नगर निगम की टीमें मौके पर पहुंचीं। भोजन के सैंपल के साथ पानी के नमूने भी जांच के लिए भेजे गए हैं। अधिकारियों के मुताबिक फिलहाल किसी भी मरीज की हालत गंभीर नहीं है।एमवाय अस्पताल में भर्ती मरीजों में निकिता (18), हर्षिता (19), पायल (17) और आर्यन (18) शामिल हैं, जिनमें पायल और आर्यन भाई-बहन हैं। डॉक्टरों ने सभी की हालत सामान्य बताई है।परिवार के मुखिया आकाश ने बताया कि उनकी पत्नी और अन्य परिजन भी बीमार हुए थे, लेकिन उपचार के बाद हालत में सुधार है। सीएमएचओ डॉ. माधव हासानी ने कहा कि सभी प्रभावित लोगों की स्थिति स्थिर है और घबराने की कोई बात नहीं है।स्थानीय पार्षद कमल वाघेला के अनुसार यह परिवार का निजी कार्यक्रम था और अधिकांश मेहमान अन्य क्षेत्रों से आए थे। जिस गली में कार्यक्रम हुआ वहां नर्मदा जल सप्लाई नहीं है। स्वास्थ्य विभाग स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
