इंदौर। साइबर अपराधों की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए इंदौर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा थाना स्तर की साइबर हेल्प डेस्क को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पुलिसकर्मियों के लिए विशेष साइबर प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस प्रशिक्षण में विभिन्न थानों के पुलिसकर्मियों को आधुनिक तकनीक और साइबर अपराधों की जांच से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।प्रशिक्षण के दौरान पुलिसकर्मियों को सरकार द्वारा संचालित विभिन्न ऑनलाइन पोर्टलों की कार्यप्रणाली समझाई गई तथा इनके बेहतर उपयोग के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि इन पोर्टलों का प्रभावी उपयोग कर साइबर अपराध के पीड़ितों को त्वरित सहायता प्रदान की जा सकती है और मामलों के अनुसंधान को अधिक सशक्त और प्रभावी बनाया जा सकता है।कार्यक्रम में इस बात पर भी जोर दिया गया कि यदि थाना स्तर पर ही साइबर अपराधों की शिकायतों का समाधान हो सके तो पीड़ितों को राहत मिलने के साथ-साथ अपराधों पर तेजी से नियंत्रण भी संभव होगा। इसी उद्देश्य से प्रत्येक थाने के पुलिसकर्मियों को आधुनिक तकनीकी ज्ञान से दक्ष बनाने का प्रयास किया जा रहा है।पुलिस अधिकारियों ने कहा कि इस तरह के प्रशिक्षण कार्यक्रम आगे भी जारी रहेंगे, ताकि साइबर अपराधों से निपटने के लिए पुलिस बल को और अधिक सक्षम बनाया जा सके।
