
उज्जैन में सिंहस्थ 2028 की तैयारियों को लेकर प्रशासन ने बड़ी योजना बनाई है। शिप्रा नदी पर रिवर फ्रंट विकसित किया जाएगा और मां शिप्रा की आरती को भव्य स्वरूप दिया जाएगा। इसके साथ ही शहर में 10 लाख पौधे लगाकर ‘महाकाल वन’ की परिकल्पना को साकार किया जाएगा। इस संबंध में शनिवार सुबह सिंहस्थ मेला कार्यालय में नगरीय प्रशासन आयुक्त संकेत भोंडवे की अध्यक्षता में बैठक हुई, जिसमें सिंहस्थ मेला अधिकारी आशीष सिंह, कलेक्टर रौशन कुमार सिंह समेत नगर निगम, स्मार्ट सिटी, वन व उद्यानिकी विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।बैठक में बताया गया कि सिंहस्थ 2028 को ग्रीन सिंहस्थ के रूप में आयोजित करने की योजना है। इसके तहत बड़े स्तर पर पौधारोपण किया जाएगा और मदर नर्सरी विकसित की जाएगी। शहर के मार्गों, डिवाइडरों और सिंहस्थ से जुड़े मार्गों के किनारे गुलमोहर, पलाश, अमलताश, कचनार, नीम, पीपल, जामुन सहित फल-फूल और छायादार पौधे लगाए जाएंगे, ताकि श्रद्धालुओं को सुविधा मिल सके। साथ ही सड़कों के किनारे लगाए जाने वाले पौधों और शहर के उद्यानों को सामाजिक संस्थाओं को गोद देने के भी निर्देश दिए गए हैं।
