इंदौर में फौजी फैक्ट्री नाम से संचालित एक फिजिकल अकैडमी से जुड़ा कथित हॉस्टल इन दिनों सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। अकैडमी में बाहर से तैयारी करने वाले कुछ युवाओं के माध्यम से सामने आए वीडियो क्लिप तेजी से वायरल हो रहे हैं। वायरल वीडियो में हॉस्टल परिसर में गंदगी का अंबार, बिखरा कचरा और बड़ी संख्या में कॉकरोच दिखाई दे रहे हैं। दावा किया जा रहा है कि यह वीडियो गणेश हॉस्टल का है, जहां कई छात्र रहकर तैयारी करते हैं।सोशल मीडिया पर वायरल इन वीडियो ने हॉस्टल की व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं। वीडियो में साफ-सफाई की स्थिति बेहद खराब दिखाई दे रही है, जिसे देखकर सोशल मीडिया यूजर्स भी हैरानी जता रहे हैं।मामले को और चर्चित बनाने वाली बात यह है कि वायरल वीडियो के साथ कुछ व्हाट्सएप चैट के स्क्रीनशॉट भी शेयर किए गए हैं। इन स्क्रीनशॉट्स में कथित रूप से खाने की गुणवत्ता खराब होने की शिकायत दर्ज दिखाई दे रही है। वहीं एक चैट में “5 हजार में नचा दूं” जैसे शब्द भी नजर आ रहे हैं, जिसे लेकर सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।बताया जा रहा है कि यह पूरा कंटेंट दो दिन पहले इंस्टाग्राम आईडी satyam_sir_physical_academy indore से अपलोड किया गया था, जिसके बाद मामला तेजी से फैल गया। फिलहाल वायरल वीडियो और चैट की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।अब देखने वाली बात यह होगी कि संबंधित अकैडमी प्रबंधन इस पूरे मामले पर क्या सफाई देता है और क्या प्रशासन इस वायरल सामग्री को संज्ञान में लेता है।
