

इंदौर नगर निगम परिषद की बैठक में ‘वंदे मातरम्’ गाने से इंकार करने का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। इस मामले में करणी सेना नेता मान सिंह राजावत ने कांग्रेस पार्षद फौजिया शेख अलीम के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग की है। बुधवार को इस संबंध में एमजी रोड थाने में शिकायत दर्ज कराई गई।शिकायत के अनुसार, 6 अप्रैल 2026 को नगर निगम के बजट सत्र के समापन के दौरान वार्ड 53 (आजाद नगर) की पार्षद फौजिया शेख अलीम ने ‘वंदे मातरम्’ गाने से इंकार कर दिया और गीत के दौरान ही बैठक छोड़कर बाहर चली गईं। शिकायतकर्ता का कहना है कि इस घटना से देशप्रेमियों की भावनाएं आहत हुई हैं।शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि पार्षद ने अपने निर्णय के पीछे धार्मिक कारण बताते हुए कहा कि इस्लाम धर्म में ‘वंदे’ शब्द का उच्चारण करना उचित नहीं है।मामले में वार्ड 39 की पार्षद रुबिना इकबाल खान पर भी समर्थन और कथित आपत्तिजनक टिप्पणी करने का आरोप लगाया गया है। शिकायतकर्ता का कहना है कि इस तरह का व्यवहार सामाजिक सौहार्द बिगाड़ सकता है।करणी सेना की ओर से पुलिस से आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है। वहीं, पुलिस अधिकारियों ने शिकायत मिलने की पुष्टि करते हुए कहा है कि मामले की जांच की जा रही है। फिलहाल FIR दर्ज नहीं की गई है।
