इंदौर में ट्रैफिक पुलिस का सख्त अभियान, चौराहों पर सघन चेकिंग, सड़क हादसों पर लगाम के लिए बड़ी कार्रवाई

इंदौर में ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। शहर के प्रमुख चौराहों पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत वाहन चलाते समय मोबाइल का इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई।ट्रैफिक पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर सघन चेकिंग करते हुए 118 वाहन चालकों के चालान बनाए, जबकि 72 चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित कर दिए गए। कार्रवाई के दौरान ऐसे चालकों पर खास फोकस किया गया, जो टू-व्हीलर और फोर-व्हीलर चलाते समय मोबाइल पर बात करते या उसका उपयोग करते हुए पाए गए।डीसीपी राजेश कुमार त्रिपाठी के अनुसार, सड़क सुरक्षा को मजबूत करने और दुर्घटनाओं पर नियंत्रण के लिए यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है। मंगलवार को हुई चेकिंग के दौरान बड़ी संख्या में नियम तोड़ने वाले चालक पकड़े गए।पुलिस का कहना है कि वाहन चलाते समय मोबाइल का इस्तेमाल न सिर्फ चालक बल्कि अन्य राहगीरों के लिए भी गंभीर खतरा बनता है और यह सड़क हादसों की बड़ी वजहों में शामिल है। गंभीर उल्लंघन को देखते हुए लाइसेंस निलंबन की कार्रवाई भी की गई।ट्रैफिक पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वाहन चलाते समय मोबाइल का उपयोग न करें और यातायात नियमों का पालन कर सुरक्षित ड्राइविंग करें।
