(खबर सत्याग्रह)इंदौर के हीरानगर थाना क्षेत्र में मामूली विवाद के दौरान बीच-बचाव करने उतरे एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। घायल युवक ने गुरुवार तड़के करीब 4 बजे इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।पुलिस के अनुसार रविदास नगर निवासी 22 वर्षीय मनीष सुनहरे डेकोरेशन का काम करता था। बुधवार रात वह अपने नाबालिग दोस्त के साथ घर से कुछ दूरी पर पाउच लेने गया था। इसी दौरान वहां कुछ युवक आपस में विवाद कर रहे थे। मनीष ने झगड़ा शांत कराने की कोशिश की, लेकिन इसी बीच आरोपियों ने उस पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।हमले में उसके पैर में तीन जगह गहरे घाव आए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे तुरंत एमवाय अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।पुलिस जांच में सामने आया है कि मुख्य आरोपी कृष्णा ठाकुर पर पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह नशे का आदी बताया जा रहा है। घटना के पीछे एक पार्टी में हुआ विवाद भी कारण बताया जा रहा है। दरअसल, मनीष क्षेत्र के ही ऋषभ पवार के यहां आयोजित एक पार्टी में शामिल था। ऋषभ हाल ही में हत्या के प्रयास के मामले में जेल से छूटकर आया था और उसी सिलसिले में पार्टी रखी गई थी। पार्टी के दौरान घर के बाहर किसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया, जिसमें मनीष बीच-बचाव करने पहुंचा और हमले का शिकार हो गया।फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
