
नई दिल्ली। देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET-UG 2026 को लेकर बड़ा फैसला सामने आया है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने 3 मई 2026 को आयोजित हुई NEET-UG परीक्षा को रद्द कर दिया है। पेपर लीक और अनियमितताओं के आरोपों के बाद यह निर्णय लिया गया है। अब परीक्षा नए सिरे से आयोजित की जाएगी, जिसकी तारीखें जल्द जारी की जाएंगी।NTA ने मंगलवार को जारी प्रेस रिलीज में बताया कि केंद्रीय एजेंसियों और जांच एजेंसियों से मिले इनपुट्स के आधार पर यह फैसला लिया गया है। एजेंसी के अनुसार परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और छात्रों का भरोसा बनाए रखने के लिए परीक्षा को रद्द करना जरूरी था।बताया जा रहा है कि राजस्थान में परीक्षा से पहले एक कथित “अनुमान पत्र” वायरल हुआ था, जिसमें कई सवाल असली प्रश्नपत्र से मिलते-जुलते पाए गए। इसी मामले की जांच राजस्थान पुलिस के स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप (SOG) द्वारा की जा रही है। SOG यह पता लगाने में जुटी है कि यह मामला संगठित पेपर लीक रैकेट से जुड़ा है या नहीं।वहीं केंद्र सरकार ने पूरे मामले की जांच CBI को सौंपने का फैसला किया है। NTA ने कहा है कि वह जांच एजेंसियों को पूरा सहयोग देगा और सभी जरूरी दस्तावेज एवं रिकॉर्ड उपलब्ध कराएगा।NTA ने यह भी माना कि परीक्षा दोबारा होने से लाखों छात्रों और उनके परिवारों को परेशानी होगी, लेकिन परीक्षा प्रणाली में भरोसा बनाए रखने के लिए यह कदम आवश्यक है।अब दोबारा होने वाली NEET-UG 2026 परीक्षा की नई तारीखें और एडमिट कार्ड जारी करने का शेड्यूल जल्द ही NTA के आधिकारिक माध्यमों से जारी किया जाएगा।

