इंदौर। ग्राम खजराना स्थित कृष्णबाग कॉलोनी में हाईकोर्ट के आदेश के बाद प्रशासन ने अवैध निर्माण हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी है। सोमवार सुबह जिला प्रशासन और नगर निगम की टीम भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। कार्रवाई के लिए JCB और पोकलेन मशीनें तैनात की गई हैं।
बताया जा रहा है कि कॉलोनी के कुल 71 मकानों को कार्रवाई के लिए चिन्हित किया गया था, जिनमें से 19 रहवासियों को हाईकोर्ट की डबल बेंच से अंतरिम राहत (स्टे) मिल गई है। वहीं, शेष 62 मकानों को हटाने की कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई के दौरान कलेक्टर के निर्देश पर 7 SDM सहित प्रशासनिक अधिकारी, नगर निगम का अमला और भारी पुलिस बल मौके पर मौजूद है।
एमआर-10 जंक्शन के पास स्थित करीब 0.720 हेक्टेयर जमीन को लेकर वर्ष 2003 से विवाद चल रहा था। हाईकोर्ट के आदेश के बाद प्रशासन को 30 दिनों के भीतर जमीन अतिक्रमण मुक्त कर बिल्डर को कब्जा सौंपने के निर्देश दिए गए हैं।
कार्रवाई के दौरान प्रभावित परिवारों में आक्रोश और चिंता का माहौल है। कई रहवासियों का कहना है कि उन्होंने अपनी जीवनभर की जमा पूंजी लगाकर यहां प्लॉट और मकान खरीदे थे।
