इंदौर के एमआर-10 स्थित कृष्णबाग कॉलोनी में सोमवार को नगर निगम की रिमूवल टीम 62 मकान हटाने की कार्रवाई कर रही है। कार्रवाई सुबह 7 बजे से शुरू हुई है। अब तक 25 मकान हटाए जा चुके है। कार्रवाई के दौरान बुलडोजर मशीन खराब हो गई, जिसके बाद निगमकर्मी उसे सुधारने में जुट गए। इससे पहले पुलिस बल उपलब्ध नहीं होने के कारण दो बार कार्रवाई टालनी पड़ी थी।
दरअसल, ग्राम खजराना स्थित सर्वे नंबर 66/2 (क) की 0.720 हेक्टेयर जमीन पर बने मकानों को हटाया जाना है। इस जमीन को लेकर श्रीराम बिल्डर्स और रहवासियों के बीच वर्ष 2003 से विवाद चल रहा है। मामला तहसीलदार से लेकर हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट तक पहुंच चुका है।
19 रहवासियों को हाईकोर्ट से राहत
शुक्रवार को हाईकोर्ट की डबल बेंच ने जगदीश कुमावत सहित 19 रहवासियों को अंतरिम राहत देते हुए फिलहाल बेदखल नहीं करने के आदेश दिए थे। इसके बाद बाकी 62 रहवासियों के मकानों पर कार्रवाई का रास्ता साफ हो गया। इन लोगों के खिलाफ बेदखली के आदेश पहले ही अंतिम हो चुके हैं।
दो परिवार धरने पर बैठे, मुआवजे की मांग
कार्रवाई से प्रभावित दो परिवार धरने पर बैठ गए हैं। उनका कहना है कि जब तक उनकी मांग पूरी नहीं होगी, वे यहां से नहीं उठेंगे। उनका दावा है कि नगर निगम उनसे हर साल 2 हजार रुपए संपत्ति कर लेता था।
धरने पर बैठे रहवासी राजेश बैरागी ने बताया कि वे 30 साल से यहां रह रहे हैं और नगर निगम को संपत्ति कर भी दे रहे हैं। अब वे बेघर हो गए हैं। उनका कहना है कि उन्हें कोई मुआवजा भी नहीं मिला।
पुलिस बल नहीं मिलने से दो बार टली थी कार्रवाई
कृष्णबाग कॉलोनी में मकान तोड़ने की कार्रवाई पहले 16 और 17 नवंबर को प्रस्तावित थी, लेकिन पुलिस बल उपलब्ध नहीं होने के कारण इसे टाल दिया गया। इसके बाद 18 और 19 नवंबर को भी कार्रवाई नहीं हो सकी। अब सोमवार को प्रशासन, पुलिस और नगर निगम की संयुक्त टीम ने कार्रवाई शुरू कर दी है।
