
इंदौर यातायात पुलिस द्वारा यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लोक परिवहन बसों के खिलाफ विशेष चेकिंग एवं प्रवर्तन अभियान लगातार चलाया जा रहा है। पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर 21 मई से 27 मई 2026 तक संचालित इस अभियान के तहत शहरभर में बसों की सघन जांच की गई।पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त आर.के. सिंह के मार्गदर्शन और पुलिस उपायुक्त (प्रभारी यातायात) राजेश कुमार त्रिपाठी के निर्देशन में यातायात पुलिस ने शहर के चारों जोनों में विशेष कार्रवाई की। अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाली कुल 633 बसों पर चालानी कार्रवाई की गई।जांच में कई बसों में फायर सेफ्टी उपकरण और फर्स्ट एड बॉक्स नहीं मिले। वहीं अनाधिकृत स्थानों से सवारी चढ़ाने-उतारने, बिना वैध लाइसेंस वाहन संचालन, अवैध मॉडिफिकेशन और इमरजेंसी एग्जिट सही स्थिति में नहीं मिलने जैसी खामियां सामने आईं। ऐसे मामलों में नियमानुसार कार्रवाई की गई।यातायात पुलिस ने बसों के आरसी, परमिट, फिटनेस, बीमा, चालक लाइसेंस सहित अन्य जरूरी दस्तावेजों की भी जांच की। साथ ही बस चालकों और संचालकों को यातायात नियमों का पालन करने, ओवरलोडिंग से बचने और यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने की समझाइश दी गई।यातायात पुलिस का कहना है कि यात्रियों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे।
