इंदौर। शहर के एरोड्रम थाना क्षेत्र स्थित विजयश्री कॉलोनी, कालानी नगर में पुरानी रंजिश के चलते एक व्यक्ति के घर पर हमला और पथराव का मामला सामने आया है। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें आरोपी घर पर पथराव और तोड़फोड़ करते हुए दिखाई दे रहे हैं।जानकारी के अनुसार, राहुल राठौर के घर पर पप्पू खटिक अपने साथियों के साथ पहुंचा और हमला कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और फरियादी की शिकायत व सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पांच आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।एसीपी अशोक सिंह जादौन ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद चल रहा था और इसी रंजिश के चलते वारदात को अंजाम दिया गया। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है। यदि जांच में हथियार के इस्तेमाल की पुष्टि होती है, तो संबंधित धाराएं बढ़ाई जाएंगी। साथ ही आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है।
