Oplus_131072
10.28 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ शातिर तस्कर गिरफ्तार, 8 महीने में 38वीं बड़ी कार्रवाई
इंदौर (रवि यादव)। शहर में नशे के कारोबार के खिलाफ इंदौर पुलिस का अभियान लगातार तेज होता जा रहा है। इसी कड़ी में हीरानगर थाना पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 10.28 ग्राम अवैध मादक पदार्थ (ब्राउन शुगर) के साथ एक शातिर तस्कर को गिरफ्तार किया है। बरामद ब्राउन शुगर की अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 30 हजार रुपये आंकी गई है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उससे ड्रग्स के नेटवर्क और सप्लायर के संबंध में पूछताछ की जा रही है।इंदौर पुलिस कमिश्नर संतोष सिंह के निर्देश पर शहरभर में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत अतिरिक्त पुलिस आयुक्त मयंक अवस्थी, पुलिस उपायुक्त (जोन-03) अभिषेक रंजन, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त ओमप्रकाश तथा सहायक पुलिस आयुक्त हीरानगर रुबीना मिजवानी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सुशील पटेल के नेतृत्व में हीरानगर पुलिस ने यह सफलता हासिल की।*गश्त के दौरान पुलिस को देख भागा, पीछा कर दबोचा*थाना प्रभारी सुशील पटेल ने बताया कि 5 अगस्त 2026 को हीरानगर पुलिस की टीम क्षेत्र में गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों की जांच कर रही थी। इसी दौरान बीमा अस्पताल के पास एक युवक खाली मैदान में संदिग्ध अवस्था में खड़ा दिखाई दिया। पुलिस को देखते ही वह भागने लगा। पुलिस टीम ने तत्काल उसका पीछा कर घेराबंदी की और उसे पकड़ लिया।*तलाशी में मिली 10.28 ग्राम ब्राउन शुगर*आरोपी की तलाशी लेने पर उसकी पैंट की पिछली जेब से एक पारदर्शी प्लास्टिक की पॉलिथीन बरामद हुई, जिसमें भूरे रंग का पाउडरनुमा पदार्थ रखा हुआ था। मौके पर मौजूद पंचों एवं पुलिस अधिकारियों ने अपने अनुभव के आधार पर उसे ब्राउन शुगर के रूप में पहचाना। विधिवत जब्ती की कार्रवाई के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर थाना लाया गया। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।*शातिर अपराधी निकला आरोपी*गिरफ्तार आरोपी की पहचान अनिकेत उर्फ छोटू पिता प्रेमराज बरबेले, निवासी 20 कैलाश का भट्टा, अंजनी नगर, इंदौर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी अपनी वास्तविक पहचान छिपाकर अपराधों को अंजाम देता था। उसके खिलाफ पहले से हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, चोरी, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट सहित विभिन्न थानों में कई गंभीर अपराध दर्ज हैं। पुलिस अब उससे ब्राउन शुगर के सप्लायर और पूरे नेटवर्क के संबंध में गहन पूछताछ कर रही है।*8 महीने में 38 कार्रवाई, 10 लाख से अधिक की ड्रग्स जब्त*थाना प्रभारी सुशील पटेल ने खबर सत्याग्रह से चर्चा में बताया कि हीरानगर थाना पुलिस ने पिछले 8 महीनों में नशे के विरुद्ध 38 प्रभावी कार्रवाई की हैं। इस दौरान करीब 50 ग्राम ब्राउन शुगर सहित अन्य मादक पदार्थ जब्त किए गए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में नशे के कारोबार को पूरी तरह समाप्त करने के लिए पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी तस्कर को बख्शा नहीं जाएगा।*इन पुलिसकर्मियों की रही सराहनीय भूमिका*इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी सुशील पटेल, उपनिरीक्षक मोहनलाल मालवीय, सहायक उपनिरीक्षक राजेंद्र रघुवंशी, प्रधान आरक्षक देवेंद्र यादव, कालीचरण तथा आरक्षक विश्वरतन और पोहप सिंह की महत्वपूर्ण एवं सराहनीय भूमिका रही।
