इंदौर। भागीरथपुरा इलाके में सोमवार रात शराब पार्टी के बाद हुए विवाद में एक दोस्त ने अपने ही साथी की चाकू मारकर हत्या कर दी। घटना बाबा यादव की गली की है, जहां दोनों किराए के मकान में रहते थे। वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।जानकारी के मुताबिक, 50 वर्षीय राजेश पुत्र लखन सिंह नायक अपने साथी हरिओम पुत्र नाथू बंजारा के साथ शराब पी रहा था। इसी दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। कहासुनी बढ़ने पर हरिओम ने राजेश पर चाकू से हमला कर दिया। चाकू लगने से राजेश गंभीर रूप से घायल हो गया।घटना की जानकारी मिलने के बाद राजेश का भाई उसे तत्काल उपचार के लिए एमवाय अस्पताल लेकर पहुंचा, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।एसीपी रूबीना मिजवानी के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में शराब पीने के बाद दोनों के बीच विवाद होने की बात सामने आई है। राजेश फुटकर बर्तन बेचने का काम करता था और मूल रूप से कासगंज, उत्तर प्रदेश का रहने वाला था। वह करीब एक साल पहले इंदौर आया था और भागीरथपुरा में किराए के मकान में रह रहा था।घटना के बाद पुलिस ने आरोपी हरिओम की तलाश शुरू की। वहीं, सूत्रों के मुताबिक पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है। पुलिस मामले में आगे की जांच और प्रकरण दर्ज करने की कार्रवाई कर रही है।
