धार। जनजाति विकास मंच ब्लॉक धार एवं तिरला के तत्वावधान में 10वीं एवं 12वीं कक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का प्रतिभा सम्मान समारोह धार पीजी कॉलेज में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विकासखंड की विभिन्न शासकीय हाईस्कूल एवं उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों के प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।समारोह की शुरुआत सरस्वती वंदना एवं राष्ट्रगान से हुई। इसके बाद भगवान बिरसा मुंडा, भारत माता एवं मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण किया गया। उत्कृष्ट विद्यार्थियों को भगवान बिरसा मुंडा का चित्र एवं प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही विद्यार्थियों के परिजनों को भी भगवान बिरसा मुंडा का चित्र भेंट कर सम्मानित किया गया।कार्यक्रम में श्री रूपसिंह नागर ने विद्यार्थियों को मार्गदर्शन देते हुए कहा कि यदि व्यक्ति जीवन में कोई लक्ष्य निर्धारित कर ले तो बड़ी से बड़ी उपलब्धि हासिल कर सकता है। लक्ष्य के प्रति निरंतर प्रयास करने से मंजिल अवश्य प्राप्त होती है।श्री रामप्रकाश मछार ने विद्यार्थियों को जनजाति विकास मंच के उद्देश्यों एवं सामाजिक कार्यों की जानकारी दी और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। धार की अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने विद्यार्थियों को पढ़ाई के महत्व के साथ यह बताया कि साधारण परिवार से आने वाला बच्चा भी मेहनत और लगन के दम पर बड़ा अधिकारी बन सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों से नशे से दूर रहने, सोशल मीडिया का सकारात्मक उपयोग करने और ऑनलाइन फ्रॉड से सावधान रहने की अपील की।कार्यक्रम में धार जिला जेल प्रभारी श्री आर.आर. दागी भी उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करते हुए जनजातीय समाज की संस्कृति, सभ्यता और सामाजिक मूल्यों पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं जनजाति विकास मंच के पदाधिकारियों की सहभागिता रही।
